December 02, 2009

एड्स : एक नई सुबह की ओर !

रात्रि का अंतिम पहर बीत रहा था । रात और पूरे कमरे में अंधकार का एकछत्र राज्‍य कायम था । जीरो वाट का छोटा सा लाल बल्‍ब अपनी पूरी ताकत से कमरे को रोशन करने का प्रयास कर रहा था । छत पर लगे हुए पंखे की पंखियॉं अपनी परिधि में लगातार अनगिनत चक्‍कर लगाती हुई, अपने नीचे सोते हुए एना और उसके पति को इस निविड अंधकार में ख़ामोशी से देख रही थीं । गहन निद्रा के इस क्षण में एना के कानों में एक फुसफुसाहट की आवाज सुनाई पडी । एना को बहुत आश्‍चर्य हुआ और उसने इस आवाज के स्रोत को जानने की कोशिश की । लेकिन यह एक रहस्‍य था ।

"मम्‍मी... मम्‍मी क्‍या हुआ, चौंक गईं ? मैं तुम्‍हार साथ और तुम्‍हारे पास हूँ मम्‍मी । वास्‍तव में मैं तुम्‍हारे शरीर का ही एक हिस्‍सा हूँ ।"

एना के आसपास कहीं एक बच्‍ची की आवाज गूँजी । एना आश्‍चर्यचकित थी , उसने अपने चारों ओर किसी की मौजूदगी को देखने की कोशिश की । लेकिन उसका संदेह और चिंता और बढ गई क्‍योंकि यह आवाज उसकी जानी पहचानी आवाजों में किसी से मेल नहीं खाती थी । कौतुक को बढाते हुए वह आवाज एक बार फिर से एनी के कानों में तरंगित हुई ।

"हेलो मम्‍मी, मैं एमिली हूँ ।"

"मैं एमिली नाम से किसी को भी नहीं जानती और फिर तुम मुझे मम्‍मी कैसे कह रही हो ।" एना ने हकलाते हुए पूछा ।

"हॉं, मैं तुम्‍हारी बेटी हूँ ।"।

"बेटी?"

"हॉं, मैं तुम्‍हारे गर्भ में पल रही भ्रूण हूँ ।" एमिला ने बहुत ही कोमल आवाज में बताया ।

"अच्‍छा, अच्‍छा हॉं" एना की बढी हुई धडकनें सामान्‍य हो गईं और वह अपने आप पर लौटती हुई सी लगी ।
"आखिर तुम मुझे संसार में क्‍यों नहीं लाना चाहती हो और मुझे सूरज के उज्‍जवल प्रकाश को देखने से क्‍यों वंचित करना चाहती हो ?"

"यह एक राज है मेरी प्रिय एमिली और यह एक बहुत ही तकलीफदेह निर्णय.....।" एनी ने सिसकते हुए कहा ।

"मम्‍मी, मत रोइये । आप सिर्फ मुझसे बात कीजिए और मेरे सवालों का जवाब दीजिए । मुझे यकीन है कि इससे आपको काफी राहत मिलेगी ।" एमिली ने अपनी मॉं को सांत्‍वना देने का प्रयास किया ।


"हॉं, एमिली..., मैं नहीं चाहती कि इस कलंक के जाहिर होने के बाद दुनिया तुम्‍हारा उपहास करे और तुम्‍हे घृणा की दृष्टि से देखे ।"

"कैसा कलंक?"

"ओह एमिली तुम सवाल करना बंद नहीं कर सकती हो ?" एनी ने खीजते हुए कहा ।

"मम्‍मी, तुम मुझे सवाल पूछने से मना कर रही हो । ठीक है । लेकिन मम्‍मी, जरा मेरे बारे में भी सोचिए । यह मेरे लिए जीवन और मृत्‍यु का प्रश्‍न है और आप मुझे चुप रहने के लिए बोल रही हो । इस दुनिया में आने से पहले ही तुम मुझे मेरे प्रश्‍न पूछने के मूलभूत अधिकार से वंचित कर देना चाहती हो । तुम्‍ही बताओ क्‍या यह उचित है, मम्‍मी ?" एमिली ने पूछा ।

"ओह, एमिली कभी-कभी चुप रहना ही बेहतर होता है"

"लेकिन क्‍या ऐसे समय में जब मैं तुम्‍हारे गर्भपात करवाने के फैसले की वजह से हमेशा के लिए मिट जाने वाली हूँ , चुप रह सकती हूँ ? बोलो मम्‍मी...., क्‍या मैं चुप रह सकती हूँ ?" एनी ने परेशानी और उत्‍तेजना से कहा ।

"मेरी प्रिय एमिली सुनो। मैं तुम्‍हे तुम्‍हारे जीवन के बारे में कुछ बताने जा रही हूँ । अपने जीवन को बचाने के लिए केवल तुम ही यह लडाई नहीं लड रही हो , बल्कि हम (मैं और तुम्‍हारे पिता) भी अपने जीवन को बचाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं । क्‍योंकि मृत्‍यु का डरावना काला साया हमारे ऊपर '‍डेमोक्‍लीज की तलवार ' की तरह लटक रहा है ।

"तुम भी मम्‍मी ? क्‍यों , क्‍या हुआ ?

"एमिली, ओह, एमिली मैं यह सब तुम्‍हारे साथ कैसे साझा करुँ । लेकिन जब मौत सामने है तो मैं चुप भी तो नहीं रह सकती । मैं तुम्‍हे वह सब बाते बताऊँगी जो हमारे साथ जुडी हुए इस क्रूर जाल और सामाजिक कलंक से संबंधित हैं । "

"आपको क्‍या हुआ मॉं ?" मैं आपकी बातें समझ नहीं पा रही हूँ । आप मौत से क्‍यों जूझ रही हैं । "

"देखो, एमिली । मैं और तुम्‍हारे पापा दोनों ही इस आसन्‍न मृत्‍यु के लिए जिम्‍मेदार हैं । मैं तुम्‍हारे पापा से छह महीने पहले एक डिस्‍कोथेक में मिली । धीरे-धीरे हमारे बीच नजदीकियॉं बढती गईं । हम दोनों एक-दूसरे से मिलते रहे और मिलने का यह सिलसिला आगे बढता गया । वक्‍त गुजरने के साथ हमने शारीरिक संबंध भी बनाए ।"

"हुँ ... , तो क्‍या हुआ ?"

"बाद में हमने शादी कर ली , इस तरह हमने जीवन में एक नई शुरुआत की । हमें एक दूसरे पर विश्‍वास था और हम एक-दूसरे की खुशियों और गम के साझीदार बने । जीवन दाम्‍पत्‍य के प्‍यार और हँसी-खुशी के हल्‍के फुल्‍के क्षणों के साथ सहजता से बीत रहा था । हम खूब आनंदपूर्वक साथ साथ रहे और हमारे प्‍यार के परिणाम स्‍वरूप जब तुम मेरे गर्भ में आयीं तो हमें पता भी नहीं चला । लेकिन गर्भ के भीतर इस तरह के क्रियाकलाप ज्‍यादा दिन छिपे नहीं रह सकते । तुम्‍हारे आने का पता मुझे चला और फिर तुम्‍हारे पापा को यह बात मालूम हुई । हमने तुम्‍हारी उपस्थिति को सुन‍िश्चित करने के लिए परीक्षण करवाया ।"

"दिलचस्‍प"

"लेकिन यह ठीक ही कहा गया है कि खुशियॉं स्‍थाई नहीं होतीं "सुख पल दो चार, फिर हाहाकार" और ईश्‍वर खुशियॉं छीनने की ताक में हमेशा रहता है । हमारी खुशियों का महल शायद बहुत ही कमजोर नींव पर रखा गया था जो कि नाइनपिन के खेल की तरह बिखर गया"

"इस बीच क्‍या हुआ ?"

"एक बार तुम्‍हारे पापा के ऑफिस के एक कर्मचारी की दुर्घटना हो गई । उस व्‍यक्ति को दुर्घटना में गंभीर चोटें आयीं और उसके शरीर से काफी खून बह गया । उसे तुरंत खून देने की जरूरत थी और ऑफिस के किसी भी व्‍यक्ति का रक्‍त समूह दुर्घनाग्रस्‍त व्‍यक्ति के रक्‍त समूह से मेल नहीं खा रहा था । यहॉं तक कि रक्‍त बैंक में भी उस रक्‍त समूह का रक्‍त नहीं था, क्‍योंकि उस व्‍यक्ति का रक्‍त समूह बहुत ही दुर्लभ प्रकार का था । लेकिन जब तुम्‍हारे पापा को खून की जरूरत के बारे में पता चला तो वह खून देने के लिए राजी हो गए । पीडित व्‍यक्ति को रक्‍त देने से पहले उनके रक्‍त के कई अनिवार्य परीक्षण किए गए । यह एक खेद और कलंक का विषय था कि उनका रक्‍त एलिसा टेस्‍ट में असफल रहा । इस खुलासे को सुनकर वह बिखर गए और साथ ही हमारे जीवन की नई शुरुआत भी ।

"कैसे मम्‍मी ?"

"उनका रक्‍त परीक्षण पाजिटिव होने का मतलब था कि वह एक घातक वायरस के वाहक बन चुके हैं । इस बात का डर था कि मुझे और तुम्‍हे भी इस वायरस का संक्रमण हो गया हो । मेरा परीक्षण भी पॉजिटिव निकला और प्रिय एनी तुम भी इस वाइरस से संक्रमित हो चुकी थी । हे भगवान ! काश हमने तुम्‍हारे बारे में न सोचा होता । और इस तरह एड्स के खिलाफ एक असफल लडाई की शुरुआत हुई । हमें पता था कि हम इस विपत्ति से सफलतापूर्वक बाहर नहीं आ सकते हैं लेकिन फिर भी हमें इसके खिलाफ युद्ध जारी रखने के अलावा कोई चारा नहीं था "

"अच्‍छा" एमिली ने कहा ।

"और अब जब हम खुद ही मृत्‍यु के साथ जीवन जी रहे हैं और उसी के साथ शयन कर रहे है तो यह हमारे लिए उचित नहीं था कि हम तुम्‍हे इस दुनिया में लाकर एक भयावह मौत मरने के लिए छोड दें । "

"आप क्‍या सोचती हैं कि वाइरस का संक्रमण आपको पापा से हुआ या यह पहले से आपके शरीर में निष्क्रिय रूप में मौजूद था ।"।

"मतलब"

"हॉं, मम्‍मी" जब आप मुझे सारी बाते बता रही हैं तो आपको अपने डिस्‍काथेक के जीवन के बारे में भी मुझसे कुछ नहीं छुपाना चाहिए । मुझे पता है कि लोग डिस्‍कोथेक में अपना समय बिताने के लिए जाते हैं और ड्रग्‍स के जहरीले प्रभाव में नाचते और डोलते हैं ।" एमिली न‍े कहा ।

"हॉं मैं एक ड्रग्‍स लेने वाले समूह की सदस्‍य थी । हम अकसर डिस्‍काथेक के बंद हो जाने पर इकट्ठे होते थे और ड्रग्‍स के इंजेक्‍शन लिया करते थे । कभी कभी हम झूमा भी करते थे क्‍योंकि ड्रग्‍स का प्रभाव ही ऐसा होता है जो सबको सिर से पॉंव तक झूमने पर मजबूर कर देता है । "

"अच्‍छा, मैं समझी ।"

"हॉं एम्‍मी, मैं तुम्‍हारे पिता के प्‍यार की बारिश की बौछारों से पूरी तरह भीग चुकी थी । मैंने ड्रग्‍स से अरुचि दिखाना शुरु कर दिया । लेकिन यदि एक बार तुम ड्रग्‍स के कीचड में गिर गई तो और और ड्रग्‍स लेने की चाह हमेशा इंसान को इस कीचड में धंसते रहने पर मजबूर करती रहती है । इसलिए मैं एक पुनर्वास केन्‍द्र में शामिल हुई और बहुत सी कठिनाइयों के बाद मैं ड्रग्‍स की कालकोठरी से मुक्ति पा सकी ।" एना ने बताया ।

"बहुत अच्‍छा मम्‍मी, लेकिन ...." एमिली कहते कहते रुक गई ।

"क्‍या बात है एमिली .... क्‍या तुम कुछ और पूछना चाहती हो ?"

"हॉं... मम्‍मी । तुमने बताया था कि पापा को एड्स था , लेकिन क्‍या तुमने उनसे पूछा कि वह इस घातक सिंड्रोम से की गिरफत में कैसे आए?"

"तुम कहना क्‍या चाहती हो, एमिली?"

"मुझे काफी हद तक यकीन है कि पापा को एड्स का यह वाइरस तुमसे मिला है क्‍योंकि तुम आईवीडीयू (Intra-veinous Drug Users.) थीं”

"नहीं, मैं एडस के विषाणु की वाहक नहीं थी बल्कि मुझे यह बीमारी तुम्‍हारे पिता से मिली है" एना ने विश्‍वास पूर्वक कहा ।

"क्‍या शादी के पहले आपने जॉंच करवायी थी ?" एमिली ने पूछा ।

"नहीं मुझे इसकी कोई आवश्‍यकता नहीं थी ।"

"अच्‍छा, मैं समझी" एमिली ने एक गहरी सॉंस ली और कहना जारी रखा । "लेकिन आप ये कैसे कह सकती हैं कि यह बीमारी आपको पापा से ही मिली?"

"क्‍योंकि मेरे आने से पहले तुम्‍हारे पापा की जीवन शैली बहुत ही लापरवाह किस्‍म की थी । वह अपनी कामवासना की आग बुझाने के लिए अकसर चकला घरों में जाया करते थे । वह असुरक्षित यौन संबंधों का स्‍वतंत्रतापूर्वक आनंद ले रहे थे । और यह आदत तुम्‍हारे पिता के दैनिक जीवन का हिस्‍सा बन चुकी थी"

"मतलब मिलने के बाद आप दोनो ने अपनी पिछली जिंदगी से वापस लौटने की कोशिश की? लेकिन दुर्भाग्‍य से संबंध इतनी गहरी जडें जमा चुका था कि कहा जा सकता है कि उस वक्‍त तक अमेजन से बहुत सा पानी बह चुका था , है न ?

"हॉं प्रिय, तब तक बहुत देर हो चुकी थी । लेकिन यह समय अब एक दूसरे को दोष देने का नहीं है, बल्‍क‍ि साथ-साथ प्रकाश की दिशा में बढने का है । दुर्भाग्‍य से आगे सिर्फ अँधेरी सुरंग का वृहद विस्‍तार दिखाई पडता है, जिसमें मृत्‍यु का शैतान हमारी ओर बढता चला आ रहा है । दुख की बात यह है कि उस अंधेरी सुरंग के दूसरे छोर पर कोई भी प्रकाश पुंज नहीं दिखता ।" एना ने सिसकते हुए कहा ।

अब वहॉं पर एक खामाशी छाई हुई थी क्‍योंकि एमिला ने इस बार बातचीत को आगे बढाने के लिए कोई भी प्रश्‍न नहीं किया ।

"एमिला.... एमिला सो गई क्‍या मेरी बच्‍ची ?"

"नहीं नहीं मम्‍मी , मैं गहरी सोच में डूब गई थी" उसने उत्‍तर दिया ।

"हमारी मृत्‍यु तक तो बात ठीक थी लेकिन हम तुमसे प्‍यार करने की वजह से ही तुम्‍हे दिन के प्रकाश में लाकर मौत के मुँह में नहीं डाल सकते । यही वजह है कि हम तुम्‍हारा गर्भपात करवाने जा रहे हैं ।"

"दया ... मेरी मॉं, दया ! मैं जानती हूँ कि अँधेरे ने तुम्‍हारे जीवन का सारा प्रकाश ग्रस लिया है । लेकिन मैं तुमसे अनुरोध करती हूँ कि तुम मेरे जीवन को गर्भ में समाप्‍त करने का अपराध मत करो । मेरा पालन-पोषण करों, मुझे प्‍यार करो, मुझे दुलार करो , लेकिन भगवान के लिए मुझे मृत्‍यु का आशीर्वाद मत दो" एमिली ने सिसकते हुए कहा ।

"मत रो मेरी बच्‍ची, मत रो । लेकिन अंतत: यदि तुम्‍हारे शरीर में घातक विषाणु की पहचान हो जाती है , जो कि अभी हमें नहीं मालूम है तो तुम्‍हे एक डरावनी कलंकित जिंदगी जीनी पडेगी, यह हमें पसंद नहीं है । इसीलिए हमने तुम्‍हे जन्‍म से पहले समाप्‍त करने का कठोर निर्णय किया है । "

"फिर से विचार करो मॉं यह निर्णय लेने से पहले दो बार और सोचो । मैं तुमसे फिर से अनुरोध करती हूँ कि तुम मुझे इस बीमारी और मृत्‍यु के संसार में आने दो । एक टिमटिमाता हुआ प्रकाश पूरे कमरे के अंधकार को भगा देता है । जन्‍म के बाद मैं इस बीमारी के प्रति जागरुकता फैलाने का काम करुंगी । मैं लोगों को इस बीमारी और मृत्‍यु के साथ जीवन जीने वालों की कहानी सुनाऊंगी । मैं इस बीमारी से लडने के लिए एक आंदोलन शुरू करूंगी । चिकित्‍सा विज्ञान इस बीमारी को समाप्‍त करने के लिए दिन रात काम कर रहा है । कौन जानता है कल मेरे और मेरे जैसे अनगिनत लागों के लिए कोई उपचार और जीवन हो । सफलता की चिंता किए बिना मैं इस क्षेत्र में कार्य कर रहे संगठनों के साथ काम करुंगी । "

"बहुत खूब, एमिली । तुमने मेरी ऑंखें खोल दीं । जो होगा देख जाएगा , अब मैं यह सुनिश्चित करुंगी कि तुम इस दुनिया में आओ और अपना जीवन एड्स के क्षेत्र में एक मिशनरी बनकर सेवा करते हुए व्‍यतीत करो । "

"कृपया मुझे माफ कर दो मेरी बच्‍ची , मुझे माफ कर दो । तुमने मुझे एक घृणित अपराध करने से बचाया है ।"

"zzzz...मुझे नींद आ रही है मॉं , क्‍योंकि तुम भी ऊंघ रही हो । इसलिए शुभरात्रि मम्‍मी , सोने के लिए अभी भी काफी रात बाकी है ।"

"मेरा आशीर्वाद तुम्‍हारे साथ है , मेरी प्रिय एमिली । ईश्‍वर तुम्‍हे अपने स्‍वार्थी लोगों की सेवा करने का साहस और सहनशीलता दे ।"

"आज हम एक शुरुआत कर सकते हैं और ब्‍लागरों की एकता ने इस शुरुआत को गति दी है । वेब की दुनिया में जाओ मम्‍मी और एडस के बारे में और बहुत सी जानकारी प्राप्‍त करो । "

"कैसे मेरी बच्‍ची ?"

"कोई भी सर्च इंजिन खोलो और AIDS टाइप करो अथवा http://unite.blogcatalog.com पर जाओ। आपको वहॉं बहुत सारी संबंधित लिंक मिलेंगी । "

"अच्‍छा ! तुम तो हमसे अधिक जागरुक जान पडती हो । बहुत खूब मेरी बच्‍ची"

"अच्‍छा तो अब मैं अगली रात को इसी जगह पर इसी समय मिलूँगी । अगली मुलाकात तक के लिए बाय बाय । अपने स्‍वास्‍थ्‍य का ख्‍याल रखो और अपनी कामेच्‍छाओं को नियंत्रण में रखो । ड्रग्‍स को 'ना' बोलो । खुशियों का सुरक्षित होकर आनंद लो । रक्‍त का परीक्षण कराओ और रक्‍त के किसी भी आदान-प्रदान में नई सुई का प्रयोग करो । आओ आज हम साथ-साथ एक नई शुरुआत करें , हॉं एक नई शुरुआत । एक ऐसी शुरुआत जिसका एक अंत भी है , एक अंत ! मुस्‍कुराहट और दिन के बहुत से उजाले के साथ ।

आमीन ! !

यह कहानी मेरे एक ऑनलाइन मित्र सुदाम पाणिग्रही, जो कि अंग्रेजी में अपने ब्‍लॉग Share and smile पर लिखते हैं, के द्वारा एड्स दिवस पर अँग्रेजी में लिखी गई कहानी AIDS: Towards A New Morning का हिन्‍दी अनुवाद है । अनुवाद और अपने ब्‍लॉग पर प्रकाशित करने की इजाजत देने के लिए सुदाम को धन्‍यवाद ।

नैनोरिमो द्वारा नवंबर में आयोजित राष्‍ट्रीय उपन्‍यास लेखन माह (नेशनल नॉवेल राइटिंग मंथ ) प्रतियोगिता में सुदाम पाणिग्रही अपने उपन्‍यास ड्राई ओएसिस (Dry Oasis) में तीस दिनों में 61,431 शब्‍द लिखकर विजेता का खिताब हासिल किया । उनके इस उपन्‍यास का एक अध्‍याय आप यहॉं पढ सकते हैं ।

इस उपलब्धि के लिए उन्‍हें बधाई और शुभकामनाऍं ।

November 23, 2009

सचिन, 26/11, स्काई लैब और माया

इन दिनों सचिन का बयान, की उन्‍हें मराठी होने पर गर्व है , लेकिल मुम्‍बई पूरे भारत की है काफी चर्चित रहा । आज शिवसेना के एक और सांसद का बयान आने से मामला फिर से रिफ्रेश हो गया है । इसमें सांसद ने कहा है कि सचिन ने मराठीवासियों के लिए कुछ नहीं किया है जबकि गावस्‍कर ने कई मराठी खिलाडियों को टेस्‍ट टीम में जगह दिलाई थी । इस बयान में कहा गया है कि उन्‍होंने काम्‍बली का भी साथ नहीं दिया ।

अब सचिन को मैदान के अंदर और बाहर दोनों जगह बल्‍लेबाजी करनी है । उनकी एक-एक हरकत बहुत महत्‍वपूर्ण होती है । सचिन का यह पहला सार्वजनिक बयान कहा जा सकता है । बिल्‍कुल उसी अंदाज जिसमें उन्‍होंने अंतर्राष्‍ट्रीय क्रिकेट की शुरुआत की थी । पहली ही सीरीज में अब्‍दुल कादिर जैसे अनुभवी स्पिनर का कैरियर तबाह कर दिया था । सचिन की लोकप्रियता एक महान खिलाडी के साथ साथ एक भद्रपुरुष के रुप में है इसीलिए वे भारतीय क्रिकेट प्रेमियों के लाडले हैं । एक महान प्रतिभा का भद्र पुरुष होना बहुत अपीलक होता है ।

माओवादियों और नक्‍सलवादियों का आतंक तो जारी है ही । मुंबई के बमविस्‍फोटों 26/11 की बरषी भी आ पहुँची है । इसमें सरकार को चाहिए की वह मुंबई विस्‍फोटों से सबक लेकर साल भर में किए गए सुरक्षा उपायों की समीक्षा करे | इसके लिए छदूम अभ्‍यास भी किए जाने चाहिए । वरना उनकी कुशलता पर चौंकने और अपनी खामियों पर हाय-हाय करने के अलावा और कुछ करते नहीं बनता । मीडिया को भी सुरक्षा सुधारों पर बहस छेडनी चाहिए ।

इसके अलावा दिसम्‍बर 2012 में दुनिया भी खत्‍म होने वाली है । यह मैं नहीं कह रहा हूँ । बल्कि पिछले कई दिनों से मीडिया, समाचार पत्रों और ब्‍लॉगों में इस बाबत सम्‍भावनाऍं व्‍यक्‍त करने वाले प्रमाण दिए जा रहे हैं । जिधर रुख करो उधर ही एकाध पोस्‍ट दिख जाती है । कुछ नया होने की उत्‍तेजना लिए हुए ।

इस मामले में माया सभ्‍यता का नाम सबसे ज्‍यादा लिया जाता है । भला हो इस खबर का कि हमें दुनिया की एक और सभ्‍यता का नाम जानने का अवसर मिला । हो सकता है माया वालों को 2012 तक ही गिनती आती रही हो । या कुछ और वजह भी हो सकती है ।

हमें टेंशन दुनिया खत्‍म होने की नहीं है, यदि वह पूरी खत्‍म हो जाये तो । "आप मरे जग परलय" । जब सबै खत्‍म हो जायेगा तो काहे की फिकिर । बेचैनी तब होती है, जब परिस्थिति स्‍काई लैब वाली पैदा हो जाती है । हमें तो स्‍काई लैब गिरने की याद नहीं है । लेकिन हमने अपने बडे दोस्‍तों और बुजुर्गों से सुना था कि एक समय स्‍काई लैब नामक कोई पहाड अन्तरिक्ष से टूट कर पृथ्‍वी पर गिरने वाला था । वह अं‍तरिक्ष में लटकी हुई अमेरिका की एक प्रयोगशाला थी । जब उसका दिन पूरा हो गया और वह आसमान से जमीन पर आने लगी तो अमेरिका वालों ने कहा कि वह कहीं भी गिर सकती है । वैसे तो उसकी हवा में ही स्‍वाहा हो जाने की संभावना थी पर मान लो कुछ बचकर पृथ्‍वी से टकरा गई तो सत्‍यानाश ही समझो । इस धोखे में कई लोगों ने खूब पैसा खर्च करके ऐश किया था कि कहीं इधर ही आ गिरी तो सब धरा का धरा रह जायेगा पैसा वगैरह । ये बात अलग है कि बाद में ऐसे लोग स्‍काई लैब के प्रशांत महासागर में गिरने पर अफसोस करते पाये गए । क्‍योंकि कंगाल भी हो गए थे और परलय भी नहीं हुआ । अब खायें क्‍या | हमारे एकदोस्‍त के बडे भाई ने अपने बगीचे के सारे अनार तोडकर मोहल्‍ले में बँटवा दिए थे । बाद में पिताश्री के पैरों के चर्म मेडल प्राप्‍त किए , अपनी दूर‍दर्शिता के इनाम के तौर पर ।

हमारे स्‍कूल में एक लडके का नाम स्‍काई लैब था । वह उसी दिन पैदा हुआ था जिस दिन स्‍काई लैब गिरा | इसलिए उसके पिता ने उसे स्‍काई लैब करार दिया । बाद में मैट्रिक पहुँचते पहुँचते उसने अपने नाम के आगे तूफान भी जोड लिया था । स्‍काई लैब 'तूफान' । मेरा दोस्‍त नहीं था, जूनियर था लेकिन वह सिर्फ अपने नाम की वजह से जाना जाता था । पहली बार उसका नाम सुनकर लोग समझते कि मजाक कर रहा है । खासकर पूरा नाम स्‍काई लैब तूफान पढकर । अब पता नहीं स्‍काई लैब कहॉं होगा ।

बहरहाल हम 2012 जैसी खबरों को सनसनीखेज और मनोरंजन से ज्‍यादा तरजीह नहीं देते । क्‍योंकि जिस चीज में आदमी कुछ कर ही नहीं सकता उसमें फालतू की मगजमारी काहे । बल्कि पर्यावरण संबंधी मुददों को इस तरह के प्रचार की ज्‍यादा जरूरत है । मुझे तो लगता है कि पृथ्‍वी को ऐसे अचानक तो खत्‍म हो नहीं जायेगी । हॉं, यदि प्रमुख राष्‍ट्रों की सरकारें जल्‍द ही पर्यावरण से संबंधित समझौतों पर हस्‍ताक्षर करके अमल करना शुरू नहीं करतीं तो जरूर है कि आने वाले समय में हमें गंभीर प्राकृतिक संकटों का सामना करना पडेगा |

November 22, 2009

भाषा में छिपे हुए भाव

बडा कौतूहल होता है
देखकर
जब प्‍यार और नफरत
उपेक्षा और अपनत्‍व
अस्‍वीकार और सहानभूति की भाषा
बेजुबान पशु पक्षी और अबोध नवजात
भी समझ जाते हैं ,
तत्‍क्षण |
वे भी,
जिनका भाषा और सभ्‍यता से
कोई सरोकार नहीं होता |
वे भी,
जिन्‍हें इनकी आदत पड गई है
सदियों से या कुछ ही वर्षों से,
अपमान और अस्‍वीकार सहन करने की |
जिन्‍हें लोग समझते हैं,
वे स्‍वीकार कर चुके हैं
अपने अस्तित्‍व पर थोपा हुआ ओछापन ,
नहीं !
वे सब जानते हैं
समझते हैं , शब्‍दों में
सवारी करते हुए
भावों के दर्प को
और अचेतन ढूँढता रहता है
एक इंसान
जो देख सके उन्‍हें
अतीत की हीनताओं से मुक्‍त |
करते हुए आज के पुरुषार्थ का सम्‍मान
माई बाप की रट लगाने वाला
गॉंव का पुसुआ भी और
साब साब कहने वाला शहर का
चाय वाला भी |

एक प्रेमी-प्रेमिका के बीच
शब्‍द वही रहते हैं फिर भी
समय के साथ उनके मायने बदल जाते हैं
ये सब
पता नहीं कैसे
पढ लेते हैं
भाषाओं के चेहरे
बिना अक्षर ज्ञान के !
यांत्रिकता और आत्‍मीयता को
पहचानते हैं
दुधमुँहे बच्‍चे , पालतू पशु भी
शब्‍द तो जैसे शरीर होते हैं और
भाव उनकी चेतना |
कैसे संप्रेषित हो जाते हैं
तरह तरह के भाव एक ही शब्‍द से
प्रत्‍येक 'हाय' या नमस्‍कार
अलग अर्थ देता है
यहँ तक की
लिखे हुए शब्‍द भी
बता देत हैं अपना मूड
कितने गुस्‍से या प्‍यार से
ईमानदारी या बेईमानी से
लिखा गया है उन्‍हें
क्‍योंकि निकलने वाले शब्‍द
मात्र शब्‍द नहीं होते
बल्कि
पूरा ब्‍लूप्रिंट लिए होते हैं
वक्‍ता की भावनाओं का
वरना क्यों, एक ही गाली
कभी तिरस्कार की तरह और कभी
आत्‍मीयता के प्रमाण पत्र की तरह लगती |